धनबाद में SIR अभियान की तैयारी,20 जून से शुरू होगा पुनरीक्षण
AJ डेस्क: – झारखंड में आगामी 20 जून से शुरू होने वाले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के सफल संचालन को लेकर धनबाद टाउन हॉल में बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और फील्ड में आने वाली समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की।
कार्यशाला में मतदान सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को उनके दायित्वों से अवगत कराया तथा मतदाता सत्यापन के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही फील्ड में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने बताया कि 20 जून से SIR अभियान का पहला चरण शुरू होगा। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और उनका सत्यापन करेंगे। सत्यापन के बाद इन फॉर्मों का संग्रहण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का रिकॉर्ड वर्तमान मतदाता सूची में मैप नहीं हो पाया है, उन्हें वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर पुनः मैप किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत किया जा सके।
