निरसा: कुएं से मिली चार संदिग्ध बोरियां,पुलिस ने जब्त किए बोरियां
AJ डेस्क: धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर पंचायत स्थित डांगापाड़ा गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर जांच की गई। कुएं के अंदर चार संदिग्ध बोरियां मिलीं, जिन्हें बाहर निकालने पर उनमें जानवरों के अवशेष पाए गए। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने सभी बोरियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और अवशेषों की पहचान के लिए आवश्यक परीक्षण कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार डांगापाड़ा निवासी बादल रविदास के नीलकुठी मोड़ के समीप स्थित आम बागान में एक कुआं है। रविवार सुबह कुएं की ओर से तेज दुर्गंध आने लगी। बदबू का कारण जानने के लिए जब बादल रविदास वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुएं के अंदर चार बोरियां पड़ी हुई हैं, जिनसे दुर्गंध निकल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत इसकी सूचना निरसा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं से चारों बोरियों को बाहर निकलवाया। बोरियों को खोलने पर उनमें जानवरों के अवशेष मिले। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि बरामद अवशेष प्रतिबंधित मांस या किसी प्रतिबंधित जानवर के हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी भी आशंका की पुष्टि करने से इनकार करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने बरामद अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही यह पता चल सकेगा कि अवशेष किस जानवर के हैं और उन्हें कुएं में किस उद्देश्य से फेंका गया था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
