धनबाद रेल मंडल में सुंदरकाण्ड पाठ,रेलवे की उन्नति और सुरक्षित संचालन के लिए मांगा आशीर्वाद

AJ डेस्क: धनबाद रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय परिसर स्थित दुर्गा मंडप में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। यहां सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिसमें डीआरएम अखिलेश मिश्रा अपनी धर्मपत्नी के साथ शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रेल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा, रेल कर्मचारियों के सुख-समृद्ध जीवन तथा रेलवे के सफल और सुरक्षित संचालन की कामना की।

 

सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हुए। पूरे वातावरण में भक्ति रस का संचार हुआ। अनुष्ठान के दौरान देश और समाज की खुशहाली, रेलवे की निरंतर प्रगति, कर्मचारियों के कल्याण और लाखों रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

 

इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन संगठन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही आपसी सौहार्द, सहयोग और सेवा भावना को भी मजबूत बनाते हैं, जिससे कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।

 

डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से रेल परिवार को एक साथ आने का अवसर मिलता है। पूजा-अर्चना के माध्यम से रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की खुशहाली तथा रेलवे के सुरक्षित और सफल संचालन की कामना की जाती है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करना भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »