धनबाद में 25 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान शुरू, रैली और नुक्कड़ नाटक से होगा जनजागरण
AJ डेस्क: झारखंड सरकार के निर्देश पर बुधवार से धनबाद में 25 दिवसीय नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत कर दी गई है। 10 जून से 25 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिलेभर में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, जनसंपर्क कार्यक्रम और स्कूलों में विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है।
अभियान का शुभारंभ जागरूकता रैली के साथ किया गया। सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि नशा किसी भी रूप में व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए नुकसानदायक है। अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से लोगों को नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों, सामाजिक समस्याओं और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान के जरिए गांव-गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक संदेश पहुंचाया जाएगा। वहीं स्कूलों में विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित कर बच्चों और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे इस बुराई से दूर रह सकें।
सिविल सर्जन ने बताया कि धनबाद जिले में कैंसर के इलाज पर सरकार प्रतिवर्ष लगभग 18 से 19 करोड़ रुपये खर्च करती है। यदि लोग नशे से दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, तो इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने में किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
