पानी रे पानी: दो गाँव के बीच फायरिंग,पथराव,पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त

AJ डेस्क: – धनबाद जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र में पानी की समस्या ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। जोगीडीह और बहियारडीह गांव के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग, पथराव और भारी तनाव में बदल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि बहियारडीह क्षेत्र में कथित अवैध खनन गतिविधियों के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसी समस्या को लेकर जोगीडीह की महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। विरोध के दौरान दोनों गांवों के लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।

 

बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विपक्षी पक्ष की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किया है। वहीं कुछ महिलाओं द्वारा पुलिस वाहन पर पथराव किए जाने से बरोरा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका शीशा टूट गया।

 

फिलहाल पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही अवैध खनन के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »