तेज रफ्तार हाइवा ने कार को मारा जोरदार टक्कर,एक की मौत

AJ डेस्क: बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआटांड़-हरिणा हीरक सड़क मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज धनबाद में चल रहा है। मृतक की पहचान खोनाठी बस्ती निवासी विनोद महतो के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है।

 

जानकारी के अनुसार बीती रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने एक चार पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सौरभ कुमार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार के नेतृत्व में पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध हाइवा की पहचान की। जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल हाइवा मुराईडीह वर्कशॉप के समीप लावारिस हालत में खड़ा मिला। सीसीटीवी फुटेज से मिलान के बाद पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया।

 

इधर युवक की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हरिणा हीरक चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

 

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास में जुटे हुए हैं। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम नहीं हटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »