योजनाओं के लिए तैयार करें लैंड बैंक, अधिकारियों को डीसी का निर्देश

AJ डेस्क: धनबाद के पुटकी प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित गर्भुडीह सभागार में शुक्रवार को जिला प्रशासन की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, डीडीसी सन्नी राज, पुटकी सीओ विकास आनंद समेत कई वरीय अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद प्रखंड, धनबाद अंचल और पुटकी अंचल के कार्यों की समीक्षा की गई है। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लैंड बैंक तैयार करने का निर्देश दिया है, ताकि राज्य और केंद्र सरकार की किसी भी नई योजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

उपायुक्त ने कहा कि जिले में पेयजल समस्या के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। जिन इलाकों में पानी की अधिक समस्या है, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों के दौरान जिले में तीन हजार से अधिक चापाकल, जलमीनार और सोलर जलमीनार से जुड़े कार्य पूरे किए गए हैं।

 

उपायुक्त ने यह भी कहा कि गर्भुडीह क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या प्रशासन के संज्ञान में है और इसके समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जिले में विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।

 

पुटकी में आयोजित इस समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, भूमि उपलब्धता और पेयजल व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »