दर्दनाक हादसा: सिमडेगा में सड़क दुर्घटना में दो बच्चों सहित पांच की मौत
AJ डेस्क: सिमडेगा के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के अघरमा के समीप गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सिमडेगा विधायक सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूषण बाड़ा एवं जिला परिषद सदस्य सह महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
विधायक भूषण बाड़ा ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने और बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर प्रभावित परिवारों को जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि एक ही दुर्घटना में दो मासूम बच्चों सहित पांच लोगों की मौत अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को भी सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी देते हुए मृतकों के आश्रितों को तत्काल आर्थिक सहायता एवं अन्य राहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया। वहीं, जोसिमा खाखा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
