असम की युवती के साथ धनबाद में दुष्कर्म का प्रयास,पुलिस एक्शन में

AJ डेस्क: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। असम की एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसे काम दिलाने के बहाने एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ छेड़खानी और दुष्कर्म का प्रयास किया गया। घटना के बाद इलाके में हंगामा मच गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भूईफोड़ मंदिर के पास स्थित आपणो घर सोसाइटी का है। जानकारी के अनुसार असम निवासी युवती अपनी सहेलियों के साथ मुंबई जा रही थी, लेकिन धनबाद स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गई। इसके बाद वह पिछले दो दिनों से स्टेशन के आसपास रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान स्टेशन के पास एक होटल में काम करने वाले राजू साव से हुई।

 

आरोप है कि राजू साव ने युवती को घरेलू काम दिलाने का भरोसा दिया और अपने एक परिचित के माध्यम से उसे गोविंदपुर स्थित एक फ्लैट में भेज दिया। युवती के मुताबिक फ्लैट में साफ-सफाई का काम करने के दौरान फ्लैट मालिक अक्षय अग्रवाल ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और जबरन संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने पर कथित तौर पर उसे शराब पिलाने की भी कोशिश की गई।

 

युवती किसी तरह फ्लैट से बाहर निकलकर शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। लोगों ने राजू साव को पकड़ लिया, जबकि उसका अन्य साथी मौके से फरार हो गया।

 

सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस घटनास्थल पहुंची और फ्लैट की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने युवती के आरोपों के आधार पर राजू साव को हिरासत में लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार युवती फिलहाल शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान है, जिसके कारण उसका विस्तृत बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। साथ ही युवती का मोबाइल फोन भी खो गया है, जिससे उसके परिजनों से संपर्क करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »