BCCL की लौह सामग्री पर तस्करों की नजर,करोड़ों का हो रहा खेला
AJ डेस्क: धनबाद के झरिया क्षेत्र में बीसीसीएल के बंद पड़े करोड़ों रुपये मूल्य के रोपवे अवैध कटाई करने वाले गिरोहों के निशाने पर हैं। आरोप है कि विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर रोपवे के लोहे की चोरी और कटाई की जा रही है, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ताजा मामला भौंरा ओपी क्षेत्र के जहाजटांड़ का है, जहां ग्रामीणों ने कथित रूप से काटकर जमा किए गए लोहे का बड़ा जखीरा बरामद किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से बीसीसीएल की बंद पड़ी संरचनाओं की अवैध कटाई का कारोबार चल रहा है। कई बार इसको लेकर ग्रामीणों और कथित चोरों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ स्थानों पर तनाव इतना बढ़ा कि गोलीबारी की घटनाएं भी हुईं, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग सकी।
सोमवार को जहाजटांड़ के ग्रामीणों ने अवैध रूप से काटे गए लोहे का जखीरा बरामद कर इसकी सूचना स्थानीय थाना, डीएसपी, एसपी और अन्य वरीय अधिकारियों को दी। ग्रामीणों का आरोप है कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और न ही बरामद लोहे को अपने कब्जे में लेने की कोई कार्रवाई की गई।
स्थानीय किसान नेता सह ग्रामीण खेमलाल मुर्मू ने कहा कि हम लोगों ने जिम्मेदारी निभाते हुए कटे हुए लोहे को सुरक्षित रखा और पुलिस को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई के बजाय हमारे साथ अभद्र व्यवहार किया गया। कुछ लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध कटाई पर रोक नहीं लगाई गई तो बीसीसीएल की करोड़ों रुपये की संपत्ति पूरी तरह खत्म हो सकती है। लोगों का आरोप है कि यह संगठित गिरोहों द्वारा संचालित अवैध कारोबार है, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, पुलिस के वरीय अधिकारियों और बीसीसीएल प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही बंद पड़े रोपवे और अन्य औद्योगिक संरचनाओं की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी और विशेष अभियान चलाने की भी मांग उठाई है।
