शाबास: बॉक्सिंग में जलवा दिखाने वाली धनबाद की तीन बेटियों का राष्ट्रीय चैंपियनशिप में चयन
A J डेस्क: धनबाद की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बॉक्सिंग के रिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की तीन युवा मुक्केबाजों ने राष्ट्रीय स्तर पर जगह बना ली है। पंजाब के जालंधर में आयोजित होने वाली 5वीं अंडर-15 सब-जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए धनबाद बॉक्सिंग ट्रेनिंग सेंटर की तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में खुशी कुमारी, मनुश्री कुमारी और कीर्ति सिंह शामिल हैं। तीनों ने 18वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
49 से 52 किलोग्राम भार वर्ग में खुशी कुमारी, 55 से 58 किलोग्राम वर्ग में मनुश्री कुमारी और 58 से 61 किलोग्राम भार वर्ग में कीर्ति सिंह ने गोल्ड जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
अब ये तीनों खिलाड़ी आगामी 23 जून से 29 जून 2026 तक पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में होने वाली राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में झारखंड और धनबाद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
धनबाद बॉक्सिंग ट्रेनिंग सेंटर के एनआईएस क्वालिफाइड कोच अभिमन्यु कुमार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का नतीजा है।
