बरोरा के जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,पहचान नष्ट करने का प्रयास
A J डेस्क: धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शताब्दी परियोजना से चिटाही जाने वाले मार्ग के समीप जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के चेहरे को पत्थर से कुचलकर खराब कर दिया गया है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरे को क्षत-विक्षत कर शव को जंगल में फेंक दिया होगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
अज्ञात शव मिलने की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
