बीसीसीएल के जर्जर क्वार्टर में चल रहा था अवैध लॉटरी का मिनी प्रिंटिंग प्रेस, करीब ₹1 करोड़ की लॉटरी जब्त

AJ डेस्क: धनबाद के निरसा अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है। बीसीसीएल के एक जर्जर आवास में प्रतिबंधित लॉटरी की छपाई और पैकिंग का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की अवैध लॉटरी, प्रिंटिंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

 

धनबाद जिले में लंबे समय से अवैध प्रतिबंधित लॉटरी का कारोबार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में चिरकुंडा पुलिस ने बीसीसीएल के एक जर्जर क्वार्टर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां अवैध लॉटरी की छपाई, पैकिंग और तैयार टिकटों का बड़ा जखीरा मिला।

 

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में छपे हुए लॉटरी टिकट, मिनी प्रिंटिंग प्रेस और प्रिंटिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए। बरामद लॉटरी की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तैयार की गई अवैध लॉटरी धनबाद के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के अन्य जिलों में भी भेजी जाती थी। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। छापेमारी के बाद अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »