सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा धनबाद
AJ डेस्क: सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद के सभी प्रमुख शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए लगी रहीं। पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सावन माह की पहली सोमवारी को लेकर धनबाद के लिलोरी स्थान, भूईफोड़ मंदिर, खड़ेश्वरी मंदिर समेत शहर के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कांवड़िए और शिवभक्त पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचे और पूरे विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।
