धनबाद में आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत,एक जख्मी
AJ डेस्क: धनबाद के कुसुम विहार स्थित बीसीसीएल कॉलोनी में सोमवार को आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की पहचान अमन कुमार (20) के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला सोनी रवानी हैं। दोनों करीब एक वर्ष पहले झरिया के अग्नि प्रभावित भौंरा 12 नंबर इलाके से विस्थापित होकर कुसुम विहार बीसीसीएल कॉलोनी में रहने आए थे। सोमवगर्जना दोनों बिल्डिंग के ऊपर छत पे पानी भर रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को गंभीर अवस्था में एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने अमन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनी रवानी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज एसएनएमएमसीएच में जारी है।
घटना के बाद पूरे कुसुम विहार इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित जीवन की उम्मीद लेकर यहां आए परिवार पर प्रकृति की इस त्रासदी ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
