भू – धसान का कहर : आधा दर्जन घर हुए जमींदोज,दहशत का माहौल

AJ डेस्क: धनबाद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर भू-धसान की बड़ी घटना सामने आई है। कतरास थाना क्षेत्र के सेलेक्टेड गोविंदपुर में मंगलवार की देर शाम अचानक जमीन धंसने से करीब आधा दर्जन घर जमींदोज हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब एक पीड़ित महिला मीडिया को अपनी आपबीती बता रही थी, उसी दौरान उसका घर देखते ही देखते धंसने लगा। इस दौरान महिला, उसके परिजन और मौके पर मौजूद मीडियाकर्मी बाल-बाल बच गए। भू-धसान की चपेट में आने से घरों में रखा सामान, घरेलू सामग्री और एक मोटरसाइकिल भी जमीन में समा गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। प्रभावित परिवारों ने किसी तरह जरूरी सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन कई घर पूरी तरह जमीन में समा गए। भू-धसान के कारण पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

 

पीड़ितों का कहना है कि रात में खाना बनाने के दौरान अचानक तेज आवाज हुई और जमीन धंसने लगी। देखते ही देखते घरों में दरारें पड़ गईं और कुछ ही देर में कई मकान जमींदोज हो गए। लगातार हो रही बारिश के कारण कतरास क्षेत्र में भू-धसान की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में घर और जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »