N H 19 पर रॉन्ग साइड से आ रही बाइक कार से टकराई,एक की मौत

AJ डेस्क: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रही एक बाइक पहले कार से टकराई, जिसके बाद सड़क पर गिरे दोनों युवकों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के हाजरा मोड़ के समीप नेशनल हाईवे-19 पर बाइक संख्या JH-10CP-9924 रॉन्ग साइड से आ रही थी। इसी दौरान उसकी टक्कर कार संख्या HR-36AW-4761 से हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर जा गिरी।

 

इसी बीच बरवाअड्डा से गोविंदपुर की ओर जा रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर गिरे दोनों युवकों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

 

हादसे में बरियापुर डांगी निवासी जयदेव महतो की मौत हो गई, जबकि संदीप हांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »