बारिश में बहा झिलिया पुल का डायवर्सन, हजारों लोगों का टूटा संपर्क

AJ डेस्क: धनबाद के मैथन रोड स्थित झिलिया पुल निर्माण कार्य के दौरान बनाया गया अस्थायी डायवर्सन मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश में एक बार फिर बह गया। लगातार तीसरी बार डायवर्सन ध्वस्त होने से हजारों लोगों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने संवेदक और पीडब्ल्यूडी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और जल्द मजबूत वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।

 

मैथन रोड पर झिलिया पुल निर्माण कार्य के दौरान आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी डायवर्सन तेज बारिश का पानी नहीं झेल सका और पूरी तरह बह गया। डायवर्सन टूटने से आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले कारखाना कर्मियों, स्कूली बच्चों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोटो, ऑटो समेत छोटे वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है और लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि डायवर्सन शुरू से ही कमजोर तरीके से बनाया गया था। इसकी गुणवत्ता को लेकर कई बार ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने संवेदक एवं लोक निर्माण विभाग का ध्यान आकर्षित कराया, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह हुआ कि तेज बारिश में तीसरी बार डायवर्सन बह गया और हजारों लोगों की आवाजाही बाधित हो गई।

 

मुखिया तनवीर आलम ने डायवर्सन निर्माण में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। वहीं स्थानीय नागेंद्र कुमार ने पुल निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार संवेदक और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू होने की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »