बैंक मोड़ शांति भवन में लगी भीषण आग,दमकल ने पाया काबू
AJ डेस्क: धनबाद के बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली मीटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही मीटर से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे बिल्डिंग में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया।
बैंक मोड़ के व्यस्त इलाके में स्थित शांति भवन के बिजली मीटर में अचानक आग लगने से पूरे भवन में हड़कंप मच गया। धुआं और चिंगारियां फैलते ही फ्लैटों में रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए नीचे उतर आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। राहत की बात यह रही कि आग मीटर के बगल में मौजूद जेनरेटर रूम तक नहीं पहुंची। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा हो सकता था।
आग बुझाने में स्थानीय लोगों ने भी अहम भूमिका निभाई। शांति भवन के बगल स्थित मधुलिका इंक्लेव के निवासियों ने अपने परिसर में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरण लाकर आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं शांति भवन के लोगों ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग में अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। हालांकि दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
