ढुल्लू – रघुकुल समर्थकों के बीच हिंसक झड़प,वर्चस्व का मामला
AJ डेस्क: झरिया के पाथरडीह कोलवाशरी स्थित मीवान कोलवाशरी की साइडिंग में शनिवार को वर्चस्व को लेकर सांसद ढुलू महतो और रघुकुल समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच करीब आधे घंटे तक मारपीट होती रही। घटना में दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है। झड़प के दौरान साइडिंग परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे, रॉड, पत्थर और तलवार चलने की बात सामने आई है। मारपीट के दौरान परिसर में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई। कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। कतरास बाजार निवासी अभिषेक के सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही जा रही है। वहीं सरायढेला निवासी रोहित सिंह के साथ भी मारपीट हुई। सीआईएसएफ जवानों ने उसे सुरक्षित निकालकर वाशरी प्लांट के अंदर पहुंचाया।
झड़प के दौरान साइडिंग परिसर में खड़े तीन वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। जानकारी के अनुसार, रघुकुल समर्थकों की थार और ब्रेजा को क्षतिग्रस्त किया गया, जबकि ढुलू महतो समर्थक की स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पाथरडीह थाना पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों के पहुंचते ही झड़प में शामिल लोग वहां से भाग गए। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए साइडिंग परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। झड़प के कारणों के साथ-साथ घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
