मैरेज हॉल के बंद कमरे से पुलिस की वर्दी में मिला शव
AJ डेस्क:बोकारो जिला के गोमिया आई. ई. एल. थाना क्षेत्र के बैंक मोड़ स्थित डोली पैलेस के कमरा नंबर 106 में पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर मकान मालिक के द्वारा पुलिस को सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ अंदर प्रवेश किया तो पुलिस वर्दी पहने एक व्यक्ति का शव सड़ी गली अवस्था में बरामद किया है। शव कई दिनों पुराना लग रहा है, जिसका शरीर पूरी तरह काला पड़ चुका है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। वहीं कमरे की जांच पड़ताल के दौरान कई कागजात मिले है। मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान सुभाष अशोक धूमल के रूप में हुई है जिसका पता महाराष्ट्र के सतारा जिले का है। वहीं मृतक के नाम पर “क्राइम प्रिवेंशन इन्विटिगेशन काउंसिल” का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस इस आईडी कार्ड की सत्यता की भी जांच पड़ताल कर रही है।
वहीं मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद कहना है कि उक्त व्यक्ति ने स्वयं को मेजर बताते हुए गत 22 फरवरी 2026 को उनके अपार्टमेंट में कमरा नंबर 106 को किराए पर लिया था। तभी से इसी कमरे में रह रहा था। उससे अंतिम बातचीत बीते 3-4 अगस्त को बकाया किराया मांगने को लेकर मोबाइल के माध्यम से हुई थी। जिसके बाद से कोई संपर्क नहीं हुआ। आज सुबह साफ सफाई के दौरान अपार्टमेंट के चौकीदार ने सूचना दी कि कमरा नंबर 106 से काफी तेज दुर्गंध आ रही है। जिसके बाद इसकी सूचना मैने आई.ई.एल. थाना पुलिस को दी।
वहीं थाना प्रभारी श्यामल कुमार मंडल ने कहा कि शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी है, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिस्थितियां संदिग्ध है,फिलहाल पुलिस कई दिनों पुराना शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। तलाशी में कमरे से एक मोबाइल सहित आधार कार्ड व एक संस्थान का आईडी कार्ड मिला हैं। जिसमें दर्ज मोबाइल नंबर व पता के माध्यम से परिजनों से भी संपर्क साधने के प्रयास किया जा रहा है।
