झारखंड परीक्षा विवाद :18वें दिन भी नहीं थमा छात्रों का आंदोलन, रांची में निकाला मौन मार्च; जली फ्लैश लाइटें

AJ डेस्क: झारखंड में जेपीएससी- जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी रहा। शाम करीब सात बजे हजारों की संख्या में आंदोलनरत छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक मौन मार्च निकाला। हाथों में मोबाइल की फ्लैश लाइट, चेहरे पर मास्क और हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर छात्र पूरी तरह खामोश रहे।मौन मार्च के दौरान छात्रों ने नारेबाजी नहीं की। उनके हाथों में मौजूद बैनर और पोस्टर ही उनकी आवाज बने। छात्रों ने अलग-अलग संदेशों के माध्यम से परीक्षा में कथित गड़बड़ी, पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को सामने रखा। मार्च में डेलिगेशन के कुछ छात्र भी शामिल रहे। एक छात्रा शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर मौन मार्च करती नजर आई।

मुख्यमंत्री से संवाद करना चाह रहे हैं छात्र

आंदोलनरत छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा को रद्द करना, JPSC की ओर से आयोजित विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। छात्रों का कहना है कि अब वे किसी अन्य मंत्री या प्रतिनिधिमंडल से बातचीत नहीं करना चाहते, बल्कि सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संवाद करना चाहते हैं। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों और आंदोलन की स्थिति पर मुख्यमंत्री को स्वयं उनसे बातचीत करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »