डीएवी कोयलानगर की आन्या मित्तल ने रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

AJ डेस्क: धनबाद। डीएवी पब्लिक स्कूल कोयलानगर की छात्रा आन्या मित्तल ने अपनी प्रतिभा, लगन और अथक प्रयास से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर विद्यालय के साथ-साथ धनबाद जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।

आन्या ने यह उपलब्धि ऑनलाइन श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय के संस्कृत में सामूहिक सस्वर वाचन में भाग लेकर हासिल की। उनकी इस शानदार उपलब्धि की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आन्या की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

विद्यालय की प्राचार्या डोलन चम्पा बनर्जी ने आन्या मित्तल को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि आन्या की सफलता उनकी प्रतिभा, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान बनाना निश्चित रूप से एक असाधारण उपलब्धि है और इससे डीएवी कोयलानगर की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है।

प्राचार्या ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आन्या की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने आन्या के माता-पिता, अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता में परिवार और विद्यालय के सामूहिक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे और आन्या की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »