अवैध खनन: मलबे में दबकर तीन की मौत,कई लोगों के दबे होने की आशंका

AJ डेस्क: धनबाद के कतरास रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत केशलपुर कुमारपट्टी में रविवार सुबह अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंसने से तीन लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं, कई और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

बताया जा रहा है कि कुछ महिला और पुरुष अवैध सुरंगों में घुसकर कोयला काटने का काम करते थे। इसके बाद बाइक सवारों के माध्यम से कोयले की बिक्री की जाती थी। रविवार सुबह करीब सात बजे इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और लोग मलबे में दब गए।

 

हादसे में केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी धनंजय कुमार की मौत होने की सूचना सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि तीन अन्य लोगों को पहले ही बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, अभी भी कई लोगों के अंदर दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कुदाल और गेंता की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद आनन-फानन में शवों को बाइक पर लादकर अस्पताल ले जाया गया।

 

अवैध खनन के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है। फिलहाल, हादसे में कितने लोग दबे हैं और घटना की पूरी सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »