निरसा में ग्रामीणों और CISF के बीच झड़प,तोड़ फोड़

AJ डेस्क: धनबाद के निरसा में रविवार को सीआईएसएफ और ग्रामीणों के बीच झड़प की घटना सामने आई है। आरोप है कि निरसा ईसीएल के चापापुर ओसीपी के पास सड़क से गुजर रही एक महिला को कोयला चोर कहकर सीआईएसएफ जवानों ने बेरहमी से पीट दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मौके पर पहुंचकर सीआईएसएफ की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। देखते ही देखते ग्रामीणों और जवानों के बीच झड़प शुरू हो गई।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि सीआईएसएफ जवानों ने महिला के साथ मारपीट की, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने जवानों पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने जवानों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का भी आरोप लगाया है। वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान सीआईएसएफ जवानों की ओर से फायरिंग किए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद ग्रामीण और अधिक आक्रोशित हो गए और जवानों को घेर लिया।

 

घटना के बाद चापापुर ओसीपी के पास बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं। ग्रामीण घायल महिला के समुचित इलाज और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनका गांव प्रोजेक्ट के पास स्थित है। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले लोगों को कोयला चोरी के शक में पीटना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीआईएसएफ कोयला चोरी रोकने में विफल है। उनका कहना है कि यदि कोयला चोरी हो रही है तो माइंस में कार्रवाई की जाए, लेकिन सड़क से गुजरने वाले ग्रामीणों को निशाना नहीं बनाया जाए।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »