चुनावी हलचल: अब होली के बाद ही होगा महा गठबंधन में सीटों का बंटवारा
AJ डेस्क: झारखंड महागठबंधन में अब सीटों और प्रत्याशियों का एलान होली के बाद होगा और दिल्ली में नहीं रांची में होगा। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जेएमएम नेता हेमंत सोरेन की मुलाकात के बाद इस बात का ऐलान किया गया है। इस मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह, सह प्रभारी उमंग सेंगर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि होली के बाद रांची में जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन के आवास पर महागठबंधन की सीटों और उम्मीदवारों को लेकर घोषणा की जाएगी। वहीं हेमंत सोरेन ने कहा कि सबकुछ तय हो गया है, होली के बाद रांची में ऐलान कर दिया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को हेमंत सोरेन की कांग्रेस नेताओं से दो राउंड बातचीत हुई। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार के साथ हेमंत की बैठक में एक-एक सीट को लेकर मंथन हुई। हालांकि जेएमएम अब भी सिंहभूम सीट को लेकर अड़ा हुआ है। साथ ही लेफ्ट को भी गठबंधन में शामिल करने के लिए पैरवी कर रहा है। इस बीच जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी भी दिल्ली पहुंच गये हैं। उनकी भी राहुल गांधी से मुलाकात होनी है।
इधर सूचना है कि कांग्रेस ने गोड्डा सीट जेवीएम को देने का मन बना लिया है। ऐसे में 7-4-2-1 के पुराने फॉर्मूले पर फाइनल मुहर लगाने के लिए कांग्रेस प्रयासरत है। सबकी सहमति बनने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा होगी।
कांग्रेस- रांची, धनबाद, हजारीबाग, लोहरदगा, खूंटी, चाईबासा, पलामू या चतरा
जेएमएम- दुमका, राजमहल, गिरिडीह, जमशेदपुर
जेवीएम- कोडरमा, गोड्डा
आरजेडी- चतरा या पलामू
हालांकि जेएमएम पांच सीट की मांग पर अड़ा हुआ है। सिंहभूम को लेकर उसका तर्क क्षेत्र में मजबूत जनाधार है।

Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!
