आखिर भाजपा को गो तस्करी के मुद्दे पर निरसा में क्यूँ देना पड़ा धरना ?
AJ डेस्क: झारखण्ड और प बंगाल की सीमा पर अवस्थित निरसा विधान सभा क्षेत्र इन दिनों गो वंश तस्करी के मुद्दे पर सुर्ख़ियों में आ गया है। विधान सभा चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के एक नेता को टारगेट कर अन्य नेता शोर शराबा मचा रहे हैं। अंततः भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्रा को भी गो वंश तस्करी मुद्दे पर धरना देना ही पड़ गया।

गो वंश तस्करी का मुद्दा अभी राष्ट्रीय मुद्दा बना हुआ है। पिछले दिनों गो वंश तस्करी का आरोप लगा तथाकथित हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर खूब बवाल मचाते दिखे। देश के अलग अलग प्रान्तों में गो वंश के मुद्दे पर युवाओं की टोली विधि व्यवस्था हाथ में लेते रही। केंद्र के वरिष्ठ नेताओं को भी इस मामले में हस्तछेप करना पड़ा था। तब तो धनबाद जिला में सब शांत शांत था। अब अचानक विधान सभा चुनाव की सुगबुगाहट होते ही निरसा की राजनीति गो वंश और कोयला तस्करी के इर्द गिर्द कैसे और क्यूँ सिमट गयी। यह बड़ा सवाल बनकर उभरा है। आखिर भाजपा नेता गणेश मिश्रा को भी अपने समर्थकों के साथ इस मुद्दे पर धरना क्यों देना पड़ गया? गो वंश तस्करी के आरोप में संकेतात्मक ढंग से चारों तरफ से घिर रही एक पार्टी को अपनी चमड़ी बचाने के लिए आंदोलन का सहारा लेना पड़ा क्या। या सही मायने में वह गो वंश तस्करों की बढ़ी सक्रियता के विरुद्ध प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए सड़क पर उतरने को विवश हो गए।
निरसा से मासस के विधायक अरूप चटर्जी गो वंश तस्करी के मुद्दे पर भाजपा समर्थको पर हमला तेज कर दिए हैं। उन्होंने तो राज्य के एक वरीय अधिकारी (अब रिटायर्ड) और निरसा में रहने वाले उनके रिश्तेदारों तक पर इस मुद्दे पर हमला तेज कर दिया है। विधायक श्री चटर्जी से अनल ज्योति की हुई बातचीत में विधायक ने निरसा, मैथन, इग्यारकुंड सहित अन्य क्षेत्रों में रहने वाले कतिपय भाजपा समर्थकों का नाम लेते हुए कहा कि यह गो वंश लदी वाहनों से वसूली भी करते हैं और झारखण्ड की सीमा से वाहन पास कराने का काम भी करते हैं। इस क्षेत्र का एक युवक प बंगाल के रानीगंज में क्यों गिरफ्तार हुआ था और जेल भी गया था, यह सभी जानते हैं।विधायक ने कहा कि एक पार्टी के नेता चुनाव जीतने के लिए तस्करों, अवैध कारोबारियों को अपनी पार्टी में शामिल करा रहे हैं।उनके मंच पर साथ साथ रहने वाले नेताओं की छवि क्या है, यह सभी जानते हैं।
देखें वीडियो-
निरसा के विधायक अरूप चटर्जी विरोधी हैं। वह विरोध में ही बोलेंगे। लेकिन कुछ दिन पहले भाजपा के नेता और जिला परिषद के अध्यक्ष रोबिन गोराईं ने भाजपा के ही मंच से यह बोलकर कि- यदि पार्टी ने गो वंश तस्करों को टिकट दिया तो वह ग्रामीण क्षेत्रों में घुम घुम कर भाजपा प्रत्याशी को हराने का काम करेंगे,सबको चौका दिया था। रोबिन गोराईं का इशारा किस भाजपा नेता की ओर था। यह तो संगठन के लोग ही जानें।लेकिन निरसा में भाजपा को गो वंश और कोयला के अवैध कारोबारी के मुद्दे पर पार्टी के भीतर और बाहर से घेरने का प्रयास किया जा रहा है। लोग अनुमान लगा रहे हैं कि चुनाव ज्यों ज्यों नजदीक आता जाएगा। इन अशोभनीय मुद्दे पर राजनीति और ही गरमाने की उम्मीद बढ़ते जा रही है। अनल ज्योति ने इस मुद्दे पर भाजपा नेता गणेश मिश्रा का पक्ष लेने का पूरा प्रयास किया लेकिन व्यस्तता का कारण बता भाजपा नेता बात करने से टालते रहे।

हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी अपने फेसबुक पेज के ऊपर SEARCH में जाए और TYPE करें analjyoti.com और LIKE का बटन दबाए…
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
