हारा का सहारा बना “आजसू”, कमल के चमत्कार में आयी गिरावट
AJ डेस्क: झारखण्ड में अचानक एक दौर शुरू हुआ था। ऐसा लगने लगा था मानो भाजपा छोड़ अन्य किसी पार्टी का अस्तित्व ही नही बचेगा लेकिन हरियाणा और महाराष्ट्र में उठे साइक्लोन ने झारखण्ड की राजनीति की दिशा, सोच ही बदल डाला है। भाजपा में शामिल होने की होड़ अचानक थम सी गयी, अब आजसू सभी थके-हारों का शरण स्थली बन गया है।
झारखण्ड में चुनाव की सुगबुगाहट होते ही अलग अलग पार्टियों के नेताओं का भाजपा में शामिल होने का दौर चल पड़ा था। इसमें कुछ चेहरा को लेकर विवाद भी हुआ तो कुछ जगह हंगामा भी हुआ। कोयले के काले धब्बे से दागदार लोगों को भाजपा में लाकर नेताओं ने पार्टी की किरकिरी भी करा डाली। हत्या के आरोप में घिरे को भव्य आयोजन कर पार्टी में शामिल कराए जाने पर रांची में जो तमाशा हुआ, वह तो पूरा झारखण्ड देख लिया।फिर भी चमत्कार को नमस्कार करने वाले नेता वर्षों पुरानी पार्टी छोड़ कर कमल का दामन थाम अपनी वैतरणी पार लगाने का जुगत भिड़ाते रहे। उन्हें कहाँ मालूम था कि यह राजनीति है। इसमें ऊंट कब किस करवट बैठ जाएगा, यह कह पाना मुश्किल है।

झारखण्ड में अभी चुनावी तापमान बनना भी शुरू नही हुआ था कि हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव परिणाम ने राजनीति में चक्रवात ला दिया। उन दोनों राज्यों में उठी चक्रवात का असर झारखण्ड पर असर डालने लगा। इसके बाद दल बदलुओं की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। कमल का जलवा भी शांत पड़ने लगा। दूसरी पार्टियों के नेता को भाजपा में शामिल कराने की होड़ थमने लगी और सभी टिकट पाने के रेस में शामिल हो गए।

इधर झारखण्ड के दो पुराने राजनीति दोस्त भाजपा और आजसू के बीच अभी तक दो बिंदुओं पर जिच बनी हुई है। इधर आजसू में रोज कोई न कोई दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं। अचानक बदले परिदृश्य में आजसू अब भाजपा को टक्कर देने की स्थिति बनाते दिखने लगा है। NDA के दोनों घटक दल कई विधान सभा क्षेत्र से अपने अपने प्रत्याशी उतार चुके हैं। यहां भी शायद प्रेशर पॉलिटिक्स चल रहा है। दूसरी ओर झारखण्ड की राजनीति में जाने माने नाम वाले नेता प्रदीप बलमुचू, अकील अख्तर, राधा कृष्ण किशोर आजसू का दामन थाम चुके हैं। इनके अलावा भाजपा से टिकट नही मिलने या अन्य कारणों से नाराज चल रहे नेताओं की भी अब पहली पसंद आजसू बनते जा रही है।
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी अपने फेसबुक पेज के ऊपर SEARCH में जाए और TYPE करें analjyoti.com और LIKE का बटन दबाए…
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
