“सिंह मेंशन” के सभी कूद पड़े चुनावी मैदान में, झोंक दी पूरी ताकत, माहौल बदला
AJ डेस्क: झरिया और सिंह मेंशन यानि चोली दामन का साथ। मौका विधान सभा चुनाव का है। मेंशन की “बहुरानी” चुनावी मैदान में है। जंग का विगुल फूंका जा चुका है तो इस घराने की एकजुटता भी झरियावासियों को देखने को मिल रही है। सभी कमर कस मैदान में डटे हुए हैं।
झरिया विधान सभा क्षेत्र से स्व सूर्यदेव सिंह की बहुरानी भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही है। झरिया को मेंशन का परम्परागत सीट भी माना जाता है। वर्ष 1977 से (बीच में दो चुनाव आबो देवी जीती थीं) अब तक झरिया सीट पर मेंशन को ही जीत हासिल होता रहा है। पिछले चुनाव में स्व सूर्यदेव सिंह के अनुज राजन सिंह के पुत्र नीरज सिंह (कांग्रेस के टिकट पर) और सूर्यदेव सिंह के पुत्र संजीव सिंह (भाजपा प्रत्याशी) झरिया में आमने सामने थे। समय बदला, हालात बदल गए। नीरज सिंह की हत्या हो गयी और संजीव सिंह जेल चले गए। नही बदला तो यह कि भाजपा और कांग्रेस ने झरिया से टिकट देने में घराना नही बदला, सिर्फ चेहरा बदल दिया। स्व नीरज सिंह की पत्नी कांग्रेस के टिकट पर तो संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

झरिया के विधायक संजीव सिंह के जेल जाने के बाद कोयलांचल में परिवार के बिखरने की चर्चा जोरों पर थी। लेकिन विधान सभा चुनाव के वक्त मेंशन की बहुरानी रागिनी सिंह के मैदान में आने के बाद घराना के सभी सदस्य रागिनी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने से लेकर अन्य कार्य में कमर कस कर सामने आ चुके हैं। झरिया से दो दो बार विधायक रहीं कुंती सिंह अपनी बहू को जीत दिलाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। संजीव के चाचा विक्रमा सिंह अपने गांव से आकर झरिया में कैम्प किये हुए हैं। गांव घर, ज्वार के लोगो के बीच घुम घुम कर विक्रमा सिंह बहू रागिनी के लिए वोट मांग रहे हैं।

वहीं संजीव के अनुज सिद्धार्थ गौतम उर्फ़ मनीष सिंह के बारे में बताया जाता है कि वह जनता मजदूर संघ के सदस्यों के बीच चुनावी अभियान छेड़े हुए हैं तो बड़ी बहन देव किरण सिंह भी चुनाव प्रचार में पीछे नही है। सभी अलग अलग क्षेत्रो में रागिनी सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने तथा वोट मांगने निकल रहे हैं। यानि मेंशन का पूरा कुनबा चुनावी मैदान में कूद फिजां बदलने के प्रयास में जुट गया है।

हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी अपने फेसबुक पेज के ऊपर SEARCH में जाए और TYPE करें analjyoti.com और LIKE का बटन दबाए…

Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
