रांची: बर्खास्त पुलिस कर्मी चाकू का भय दिखा किया दुष्कर्म, बनाया वीडियो
AJ डेस्क: झारखण्ड की राजधानी रांची स्थित जगन्नाथपुर इलाके की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती से न सिर्फ चाकू के बल पर दुष्कर्म किया गया, बल्कि उस घटना की एक अश्लील वीडियो भी बना ली गई। उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया जाता रहा। सबसे चौकाने वाली बात तो यह है कि यह सब करने वाला और कोई नहीं बल्कि उसी इलाके का एक बर्खास्त पुलिस कर्मी था। इस मामले में युवती ने महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष महुआ माजी और झामुमो महिला मोर्चा की मदद से इस मामले में जगन्नाथपुर थाना में प्रथमिकी दर्ज कराई है।
पीडि़ता की माने तो आरोपित मुकेश वर्मा ने उसे किशोरगंज स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में नौकरी लगा दी थी। नौकरी लगाने के बाद वह ओवरब्रिज से उसे हर दिन ऑफिस छोडऩे जाया करता था। 16 दिसंबर 2019 को वह ऑफिस ले जाने के दौरान अपने घर ले गया। घर ले जाकर चाकू के बल दुष्कर्म किया। इसके बाद दोबारा 12 फरवरी 2020 को अपने घर ले गया। मारपीट कर दुष्कर्म किया। इसकी वीडियो बना ली। इसके बाद से ब्लैकमेल कर रहा। आरोपित ने पीडि़ता से कहा कि वह पुलिस वाला है। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। आरोपित ने दो शादी की है। पहली पत्नी को प्रताडि़त कर छोड़ चुका है। दूसरी पत्नी दिल्ली में रहती है। उसकी एक 20 वर्ष की बेटी भी है।

पीड़िता ने बताया कि वह आरोपित को अंकल बोलती थी। उसकी उम्र से महज दो वर्ष कम की उसकी बेटी है। इसके बावजूद उसने गलत काम किया। आरोपित के बारे में जानकारी मिली है कि जगन्नाथपुर इलाके में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। मृतक की बेटी को न्याय दिलाने की बात कह मुकेश ने उसके साथ भी यौन शोषण किया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उसने कई नाबालिगों को नशीली दवाइयां और इंजेक्शन देकर गलत हरकत की है।
आरोपित मुकेश रांची जिला बल में सिपाही था। वाहन चोर गिरोह में शामिल रहने पर वर्ष 2016 में उसे बर्खास्त किया गया था। हालांकि बर्खास्तगी के बाद भी वह जगन्नाथपुर और धुर्वा थाने की केस डायरी लिखा करता था। खुद को थाना स्टाफ बता रौब झाड़ता था। आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष महुआ माजी के अलावा अधिवक्ता सह मानवाधिकार कार्यकर्ता रूना शुक्ला, चंचला कुमारी सहित कई पंहुची थीं।
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
