हजारीबाग: आइसक्रीम फैक्ट्री से गैस रिसाव, महिला की मौत, अफरा तफरी

AJ डेस्क: झारखण्ड के हजारीबाग जिला मुख्यालय स्थित रिहायशी इलाका मल्हार टोली में गुरुवार की देर रात अचानक एक आइसक्रीम फैक्ट्री से गैस रिसाव होने लगा। जिससे अफरा-तफरी मच गई। गैस रिसाव के कारण एक 55 वर्षीय महिला कंचन देवी की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बेहोश हो गए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

 

गैस रिसाव के बाद करीब 50 से अधिक लोग आंखों में जलन, उल्टी और सांस लेने में परेशानी होने की वजह से अस्पताल पहुंचे। इनमें कई को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक अभी भी अस्पताल में भर्ती हैैं। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मोहल्ले को सील कर दिया है। मुहल्ले से घरों को खाली कराया जा रहा है। घटनास्थल की ओर लोगों को जाने से भी रोका जा रहा है।

 

 

उधर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से ऑक्सीजन सिलिंडर भी कम पड़ गए। इस कारण कुछ देर के लिए अफरातफरी का भी माहौल रहा। आनन-फानन में 10-12 अतिरिक्त सिलिंडरों की व्यवस्था कराई गई। घटना की सूचना पाकर उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह भी अस्पताल पहुंचे और मरीजों के बेहतर इलाज का दिशा निर्देश दिया।

 

 

जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के अंदर सिलिंडर में ब्लास्ट होने के बाद फैक्टरी से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। गैस के संपर्क में आने से मोहल्ले के डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बेहोश हो गए। कई अन्य लोगों को खांसी, उल्टी और सांस लेने मेंं दिक्कत जैसी परेशानी होने लगी। इसके बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर निकल गए। गैस रिसाव से शहर में अफरातफरी का माहौल हो गया। आइसक्रीम फैक्ट्री श्याम किशोर नामक व्यक्ति की बताई जा रही है।

 

 

प्रभावित लोगों ने बताया कि अचानक रिसाव से आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद ही लोग अचानक शोर मचाने लगे। तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी गई। फैक्ट्री से हो रहे गैस रिसाव पर दमकल कर्मी ने काबू पा लिया है। वहीं बिजली नहीं रहने से भी लोगों को इससे और भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »