हैदराबाद से आए 44 मजदूरों का धनबाद में हुआ स्वागत, मेडिकल जांच के बाद भेजे गए होम क्वर टाइन पर
AJ डेस्क: कोरोना महामारी के कारण देश में घोषित लॉकडाउन के बीच तेलंगाना में फसे 44 लोग शनिवार की सुबह धनबाद पहुँच गए। एक स्पेशल ट्रेन से हैदराबाद से कल रात रांची पहुंचे सभी 44 लोगों को सुबह-सुबह धनबाद क्लब में लाया गया। जहां सभी को गुलाब का फूल देकर पहले इनका यहाँ स्वागत किया गया। इसके बाद सभी को ब्रेकफास्ट दिया गया। जिसके बाद डॉक्टरों ने यहाँ आए सभी लोगों का थर्मल स्क्रीनिंग कर इनके हाथों पर होम कोरेंटाइन का मुहर लगाया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इन सभी लोगों को राशन देकर इन्हें इनके घरों के लिए छोटी-छोटी गाड़ियों से रवाना कर दिया।
मौके पर मौजूद कार्यपालक दंडाधिकारी ने बताया कि 1 मई को सभी 44 लोग रात 11:15 बजे स्पेशल ट्रेन से रांची स्थित हटिया स्टेशन पहुंचे। जहां सभी की थर्मल स्क्रीनिंग और मेडिकल जांच की गई। इनको धनबाद लाने के लिए 2 बसों का प्रबंध किया गया था। एक बस में 20 तथा दूसरी बस में 24 लोगों को बैठाकर रात 1:00 बजे रांची से धनबाद के लिए रवाना कर दिया गया। बस में सैनिटाइजर, मास्क, पानी की बोतल, हल्का नाश्ता कराकर शनिवार सुबह 5:00 बजे सभी सकुशल धनबाद पहुंच गए। यहाँ गुलाब फूल से सभी का स्वागत किया गया।
धनबाद क्लब में अनुमंडल दंडाधिकारी राज महेश्वरम, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपूर्ति) संदीप कुमार दोराईबुरू, जिला आपूर्ति अधिकारी भोगेंद्र ठाकुर, एनडीसी अनुज बांडो, प्रखंड विकास पदाधिकारी उदय रजक, धनबाद थाना प्रभारी संजीव तिवारी, धनबाद सदर के सर्कल इंस्पेक्टर जी.एस. प्रसाद ने आगंतुकों का स्वागत किया।
धनबाद क्लब के ओयस्टर सभागार में सभी लोगों के लिए कुर्सियां लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैठने का प्रबंध किया गया था। उन्हें ब्रेकफास्ट कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के डॉ बिजेंदर कुमार, कपिल कुमार, सुशील मंडल और भुवन चंद्र मंडल ने सभी का थर्मल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच की। जाँच में सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया। इसके बाद हाथ पर अमिट स्याही से होम क्वॉरेंटाइन की स्टैंपिंग की गई। फिर सुखा राशन देकर सभी को अपने प्रखंडों के लिए छोटे वाहन से रवाना कर दिया गया।

हैदराबाद से लौटने वालों में लोयाबाद, बासुदेवपुर, बाघमारा, टुंडी, बलियापुर, झरिया तोपचांची, गोविंदपुर प्रखंड के 21 से 45 वर्ष के लोग शामिल थे।
कोविड-19 के कारण उत्पन्न हुई विकट परिस्थिति में सकुशल अपने वतन लौटने वालों ने झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। हैदराबाद से लौटने वाले गुड्डू कुमार राम, बबला बाउरी, मुकेश कुमार मुर्मू ने बताया कि लॉकडाउन घोषित होने के कारण उन्होंने विभिन्न तरह की परेशानियों का सामना किया। अपने वतन लौटने की सभी उम्मीद क्षीण हो गई थी। लेकिन जब उन्हें समाचार मिला कि झारखंड के लिए ट्रेन का प्रबंध किया गया है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। धनबाद में उनका इस कदर स्वागत किया जाएगा ऐसे भी कल्पना नहीं की थी। बताया कि हटिया स्टेशन पर उतरने के बाद उन्हें आरामदायक बसों में बैठाकर धनबाद लाया गया। यहां भी विशेष व्यवस्था की गई थी। घर तक पहुंचाने का प्रबंध जिला प्रशासन ने किया था। इसके लिए सभी ने धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार सहित पूरे जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
