पत्नी एवम बच्चों संग सूरत से लौटे 1233 प्रवासी श्रमिक
AJ डेस्क: लॉकडाउन-3.0 के दौरान 4 मई की रात करीब सवा ग्यारह बजे गुजरात के सूरत से चली श्रमिकों से भरी 09075 स्पेशल ट्रेन बुधवार के अहले सुबह करीब साढ़े चार बजे धनबाद स्टेशन पहुँच गई। 29 घंटे 20 मिनट में 1775 किलोमीटर की दुरी तय कर धनबाद पहुंची इस 22 बोगियों वाली स्पेशल ट्रेन में झारखण्ड के 7 जिलों के 1233 प्रवासी श्रमिक सवार थे। जिन्हें धनबाद स्टेशन पर पूरी तैयारियों के साथ उतारा गया। इसके बाद सभी श्रमिकों को बसों से उनके घर के लिए रवाना कर दिया गया।
सूरत से आने वाली ट्रेन से प्रवासी श्रमिकों को सबसे आगे और सबसे पीछे की बोगी से प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। ट्रेन से उतरते ही उनके बीच शारीरिक दूरी का पालन करते हुए एक एक श्रमिक को कतारबद्ध तरीके से बाहर निकाला गया। उनको सहयोग एवं मार्गदर्शन देने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल प्लेटफार्म पर तैनात किए गए थे। प्लेटफार्म से बाहर आने वाले श्रमिकों की सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग की गई। सेनीटाइजर से हैंड वॉश कराया गया। झारखंड में उनका स्वागत करते हुए गुलाब फूल दिया गया। अंत में अल्पाहार और पानी देकर प्रवासी श्रमिकों को उनके संबंधित जिले की बस में बैठाया गया।

शैक्षणिक नगरी कोटा और केरल से आने वाली स्पेशल ट्रेन के विपरीत सूरत से आने वाली ट्रेन में अधिकतर प्रवासी श्रमिक अपने परिवार के साथ झारखंड लौटे। श्रमिकों के साथ उनकी पत्नी एवं छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे। सूरत से धनबाद पहुंची इस स्पेशल ट्रेन में झारखंड के गिरिडीह, देवघर, धनबाद, दुमका, कोडरमा, हजारीबाग तथा रांची जिले के प्रवासी मजदूर शामिल थे। इसमे सर्वाधिक 1157 प्रवासी श्रमिक गिरिडीह के थे। जबकि धनबाद के 2, देवघर के 40, दुमका एवं हजारीबाग के एक – एक, कोडरमा के 5 तथा रांची के 27 प्रवासी श्रमिक थे।

स्टेशन से बाहर निकलने पर सूरत से लौटने वाले मुरली प्रसाद वर्मा, सुजीत कुमार बर्नवाल, संधी देवी, मिना देवी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा धनबाद जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दो चरण के लॉकडाउन के बाद जब उन्हें जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री की पहल पर सूरत में फंसे श्रमिकों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी तब उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सफर में कोई परेशानी नहीं हुई। जिला प्रशासन द्वारा गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान धनबाद रेलवे स्टेशन पर धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक अखिलेश बी वारियर, पूर्व मध्य रेल धनबाद के सीनियर कमांडेंट हेमंत कुमार, असिस्टेंट सीनियर कमांडेंट प्रेमदीप संजय, सहित स्पेशल ट्रेन को लेकर पूर्व मध्य रेल के सीआइटी विकास कुमार, एसएन झा जिला प्रशासन के कई आलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर समेत कई आलाधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद थे।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
