राजगंज में पुलिस ने महिला की जमकर की पिटाई, वीडियो हुआ वायरल
AJ डेस्क: जमीन विवाद में पुलिस द्वारा एक महिला को पीटे जाने का चौंका देने वाला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन पर निर्माण कार्य का विरोध करने महिला पहुंची थी। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने बर्बरतापूर्ण तरीके से महिला की पिटाई कर दी। जिससे महिला वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी। मामला धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र का है।
वायरल वीडियो तीन दिन पहले का बताया जा रहा है। जिसमें दो महिला पुलिसकर्मी एक महिला को डंडे से पिटाई करती नजर आ रही है। यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न उठने शुरू हो गए है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर निवासी देवनारायण महतो ने अपनी पुस्तैनी जमीन को बागदाहा निवासी व पूर्व विधायक प्रतिनिधि हलधर महतो द्वारा जबरन कब्जा कर उक्त जमीन पर काम करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। साथ ही राजगंज थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में कहा गया है कि मौजा डोमनपुर नं 2018, खाता नं 12, प्लाट नं 1111, रकबा कुल 41 डिसमिल उसकी पुस्तैनी जमीन है और यह जमीन आवेदक के दादा स्व लखीराम महतो को आपसी बटवारा में मिला था।
उसके बाद से आवेदक के चाचा ईश्वर लाल महतो, जयनारायण व देवनारायण का दखल कब्जा है। इस जमीन को उक्त आरोपी द्वारा हरवे हथियार के दम पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। मना करने पर मारने पीटने का प्रयास किया गया। जमीन पर काम करने का प्रयास किया गया। जिसका विरोध करने पर पुलिस को बुलाया गया। आवेदक की चाची फुलमनी देवी को विरोध करने पर पुलिस द्वारा मारपीट की गई। देवनारायण ने इसकी शिकायत एसपी से भी की है और न्याय की गुहार लगाई है।
फूलमनी देवी ने कहा कि वह जमीन उसकी है। उसकी जमीन को जबरन हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। वह अपने जमीन पर किसी को निर्माण नही करने देगी।
राजगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि महिला द्वारा जमीन पर निर्माण कार्य से जमीन मालिक को रोका जा रहा था। जिसकी सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी। जमीन हलधर महतो का है। जमीन सम्बंधित कागज दिखाया गया था। महिला द्वारा जमीन का कोई दस्तावेज नहीं दिखाया जा रहा है, जिस कारण पुलिस सख्ती कर रही है। जमीन की जांच सीओ से कराए जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। फिलहाल कार्य बंद है।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
