धनबाद में शनिवार के सुबह तक होगी भारी बारिश, सूबे में एक अगस्त तक बारिश की संभावना
AJ डेस्क: रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र की माने तो बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने के कारण झारखण्ड के लगभग सभी जिलों में आज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिन जिलों को रेड जोन में रखा है, उसमे धनबाद भी शामिल है। धनबाद में शनिवार की सुबह तक भारी बारिश होते रहेगी।

रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद की माने तो बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने के कारण झारखण्ड में बारिश हो रही है। विभाग के अनुमान के अनुसार आज सुबह से शनिवार के सुबह तक 76 से सौ प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। जबकि शनिवार से एक अगस्त तक राज्य में 50 से 75 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

मौसम विभाग ने झारखण्ड के धनबाद, हजारीबाग, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, गढ़वा, पलामू और चतरा को आज से शनिवार सुबह तक रेड जोन की श्रेणी में रखा है। इन जिलों में भारी बारिश होने और बज्रपात होने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं शनिवार और एक अगस्त को गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग, चतरा, वेस्ट सिंहभूम, गुमला और पलामू में बारिश होने की बात कही जा रही है। मौसम केंद्र ने बताया है कि दो तीन दिनों में दक्षिण बिहार होते हुए यह बारिश उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में चला जाएगा।
