हवस में अंधा हो चुके हत्यारे ने दो मासूम की ले ली जान
AJ डेस्क: हवस जब परवान चढ़ी, तो एक शख्स ने हैवानियत की हद लांघ दी। उसने चचेरे पोते और सगी बेटी को मार डाला तथा शव को क्रमश: कुएं और अपने घर में छिपा दिया। पुलिस ने शवों को बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चतरा के वशिष्ठनगर थाने स्थित लेढ़ो गांव का है।
जानकारी के अनुसार गोविंद भुइयां नामक व्यक्ति का 4 वर्षीय पुत्र सूरज पांच दिन पूर्व अचानक लापता हो गया। परिजनों और गांव वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। मंगलवार को गांव के एक छोर पर स्थित कुएं से काफी दुर्गंध फैलने लगी। इस पर गांव वालों को शक हुआ। कुएं में कांटा डाल कर तलाशी ली गई तो प्लास्टिक के बोरे में बंद लापता बच्चे का शव मिला। शव पर निर्ममता पूर्वक पीटे जाने और गला घोटे जाने के निशान थे। तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया।
परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने गोविंद भुइयां के चाचा (मृतक का चचेरा दादा) जीतन भुइयां को हिरासत में ले लिया। उसने पुलिस के समक्ष स्वीकार कर लिया कि रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिया है। उसका कहना था कि सूरज ने उसकी बेटी को पीटा था, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी और शव कुएं में डाल दिया। इसी बीच पता चला कि आरोपित जीतन की एक दो साल की बेटी भी गायब है। जब पुलिस ने फिर उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसकी भी हत्या कर देने की बात उसने कबूली। उसकी निशानदेही पर उसके ही घर से पुलिस ने बच्ची की लाश बरामद कर ली और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि उसने पुलिस के समक्ष कबूल किया कि वह बेटी को मार कर गोविंद को फंसाना और खुद को बचाना चाह रहा था।
मृतक सूरज की मां मालो देवी ने बताया कि आरोपित उस पर बुरी नजर रखता था। कई बार उसे अकेली पाकर घर में घुस गया था। मगर विरोध के कारण वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाया था। इससे वह बौखलाया हुआ था। उसने बात नहीं मानने पर बुरे अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। आरोपित अपनी एक बेटी पर भी कुदृष्टि डालता था। विरोध पर उसकी कई बार पिटाई की थी। पिता की प्रताड़ना से आजिज आकर वह गोविंद (चचेरे भाई) के घर में उसकी पत्नी कालो के साथ रहने लगी थी। जीतन उससे भी खार खाया हुआ था। मालो का दावा है कि इसी के कारण जीवन ने वारदात को अंजाम दिया है।
इधर, थानेदार सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथम दृश्टया आरोपित सनकी और मानसिक रूप से असंतुलित लगता है। उसने रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है। आरोपित को फिलहाल जेल भेज दिया गया है।
