भोजपुर के पीरो में तेज रफ्तार में चल रही स्कार्पियो ने चार महिलाओं को रौंदा, सभी की मौत

AJ डेस्क: भोजपुर के पीरो में सुबह-सुबह दिल दहलाने वाली घटना हो गई है। देवचंदा (देचना) पुल के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टहलने गईं चार महिलाओं को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों महिलाएं उछलकर करीब 20 फीट दूर गिरीं। सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ।

 

 

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बिहियां-बिहटा मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम कर लोग मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। इस भीषण सड़क हादसे को सामने से देखने वालों ने कहा कि ओझवलिया गांव से अलग-अलग टीम में महिला और पुरुष टहलने के लिए रोजाना आते हैं। आज जब महिलाएं टहल रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद कुछ लोग गाड़ी के पीछे दौड़े, लेकिन ड्राइवर तेजी से उसे लेकर भाग निकला।

 

 

सूचना मिलते ही पीरो DSP राहुल सिंह, SDM अमरेंद्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार, पीरो थाना समेत तीन थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के परिवार वालों को पारिवारिक लाभ योजना में बीस-बीस हजार और कबीर अंत्येष्टि योजना में तीन-तीन हजार रुपए दिए। इसके बाद जाम समाप्त हुआ।

 

 

 

 

 

 

सड़क हादसे में मरने वाली सभी महिलाएं पीरो थाना क्षेत्र के ओझवलिया गांव की रहने वाली थीं। इनमें रिटायर्ड शिक्षक हरि प्रसाद सिंह की 58 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी हैं। उर्मिला देवी के चार पुत्र हैं। रिटायर्ड मिलिट्री मैन राम सुंदर सिंह उर्फ बड़क सिंह की 52 वर्षीय पत्नी मानती देवी हैं। अशोक कुमार सिंह की 51 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी हैं। सरस्वती देवी के पति बाहर रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं। साथ ही वकील सिंह की 52 वर्षीय पत्नी मोतीझारों देवी हैं। वकील सिंह गांव में ही जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं।

 

 

मौके पर मौजूद DSP राहुल सिंह ने कहा कि काफी दुःखद घटना है। हमने मृतकों के परिवार वालों को पारिवारिक लाभ योजना और कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तत्काल सहायता राशि दी है। आगे के मुआवजे के लिए कार्रवाई कर रहे हैं। मृतकों के परिवार वालों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है। गाड़ी के ड्राइवर की खोजबीन की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »