गोईलकेरा के जंगल में हुई मुठभेड़ में 2 लाख का इनामी नक्सली मंगरा मारा गया

AJ डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित इलाका माने जाने वाले गुदड़ी थानाक्षेत्र में गुरुवार की सुबह पुलिस व CRPF के सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की PLFI के दस्ते से मुठभेड़ हो गई। इस ऑपरेशन में PLFI का एरिया कमांड़र मंगरा लुगून मारा गया है। इस पर झारखंड सरकार की ओर से 2 लाख रुपये का ईनाम घोषित था।

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह 6 बजे गुदड़ी थाना क्षेत्र के गोइलकेरा पंचायत के रेएड़दा में PLFI और सुरक्षा बलों के बीच यह मुठभेड़ हुई। इस दौरान करीब 36 राउंड गोलियां चलीं। इसमें एरिया कमांडर मंगरा लुगून मारा गया। उसके पास से हथियार और बैग बरामद किया गया है। हालांकि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने कहा कि अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के बाद ही कुछ स्पष्ट तौर पर कहा जा सकता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंच रहे हैं।

 

 

सूत्रों की माने तो मंगरा लुगून इलाके में आतंक का पर्याय था। नवंबर में दिनेश गोप के दस्ते के साथ सुरक्षा बलों की 2 बार मुठभेड़ हुई थी। 26 नवंबर को हुई मुठभेड़ PLFI कमांडर दिनेश गोप गुदड़ी के जंगलों में भाग निकला था, लेकिन मंगरा लुगून छोटी टीम के साथ जंगल में ही रूक गया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस नक्सली कमांडर मंगरा लुगून का शव जंगल से लेकर आ रही है। मंगरा लुगून के साथ करीब 6 लोग रहते हैं। मंगरा खुद एके-47 राइफल लेकर चलता था। वह गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सारुगाड़ा जंगल में पिछले कुछ दिनों से निरंतर सक्रिय था। उसका मुख्य उद्देश्य विकास योजनाओं का कार्य करने वाले ठेकेदारों, जुआ खेल कराने वाले संचालकों, बालू घाट संचालकों से लेवी वसूलना था।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »