भीषण हादसा : साहिबगंज में मालवाहक जहाज पलटा, ट्रक डूबे, कई लोग लापता

AJ डेस्क: झारखंड के साहिबगंज और बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी घाट के बीच गंगा नदी में स्टोन के ट्रकों से भरे जहाज का बैलेंस बिगड़ गया। जहाज पर करीब 14 ट्रकों में स्टोन (पत्थर) लोड था। इसके साथ ही सभी ट्रकों के ड्राइवर और हेल्पर भी इसमें सवार थे। हादसे में जहाज के स्टाफ के साथ ट्रकों के ड्राइवर-खलासी सहित 10 लोगों की आशंका जताई जा रही थी। जहाज प्रबंधन का कहना है कि 8 लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई है। वो लौट आए हैं। 2 लोग अब भी लापता हैं। जहाज साहिबगंज से मनिहारी की तरफ जा रहा था।

 

 

जहाज में सवार कैप्टन अमर चौधरी ने बताया कि जहाज पर कुल 14 ट्रक लोड थे। एक ट्रक का टायर फट गया। इस कारण वह अनियंत्रित होकर नदी के बीच धार में गिर गया इसके साथ ही 4 और ट्रक गिर गए। बाकी बचे ट्रकों को लेकर जहाज किनारे पर पहुंचा। 9 ट्रक जहाज पर पलट गए हैं, जबकि 5 ट्रक गंगा के बीच धार में डूबे हुए हैं। ट्रकों की तलाश और लापता लोगों के लिए NDRF की टीम को बुलाया गया है।

 

 

उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि कल दोपहर ये जहाज रवाना हुआ था। नदी के अंदर कुछ दूर जाने पर इसमें खराबी आई। जहाज में मौजूद लोगों ने इसे ठीक किया। इसके बाद बैलेंस बिगड़ने से 5 ट्रक नदी में गिर गए। लापता लोगों की तलाश जारी है। इस हादसे की जांच करवाई जाएगी। ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा ना हो।

 

 

 

 

 

हादसा समदा घाट से मनिहारी के बीच हुआ है। बताया जा रहा है कि जहाज में खराबी की वजह से यह देरी से रवाना हुआ। देर रात तक वो अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका था। रात 12:00 बजे के करीब ये हादसा हुआ है।

 

 

हादसे की सूचना मिलने के बाद बचाव और राहत के लिए साहिबगंज प्रशासन सक्रिय है। NDRF से मदद मांगी गई है। देवघर से NDRF की एक टीम साहिबगंज के लिए रवाना हो चुकी है। हादसे में लापरवाही भी नजर आ रही है। प्रशासन की ओर से घाट पर पुलिस चौकी बनाई गई है। यह आने-जाने वाले मालवाहक जहाजों की निगरानी करते हैं। जांच के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं है।

 

 

2020 में राजमहल से पश्चिम बंगाल के मानिकचक जा रहा जहाज अनियंत्रित होकर पलट गया था। कई ट्रक गंगा में समा गए थे। कई लोगों की मौत भी हुई थी। इससे पहले 2018 में समदा में एक जहाज पलट गया था जिसमें भी कई लोगों की मौत हुई थी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Input-Dainik Bhaskar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »