बिहार : मुख्यमंत्री नीतीश के प्रोग्राम में धमाका, एक हिरासत में

AJ डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में एक बार फिर सेंध लगी है। नालंदा के सिलाव में उनके जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बम (पटाखा) फोड़ा गया। विस्फोट के बाद आयोजन स्थल पर भगदड़ मच गई। विस्फोट मंच से 15-20 फीट की दूरी पर हुआ। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने मुख्यमंत्री को घेरे में लेते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे पहले 27 मार्च को पटना के बख्तियारपुर में नीतीश कुमार को एक युवक ने मुक्का मार दिया था।

 

 

बताया जा रहा है कि विस्फोट पटाखे में हुआ, जिसे इस्लामपुर के सत्यारगंज गांव का रहने वाला शुभम आदित्य लेकर आया था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। थाने में IB के ASP योगेश कुमार उससे पूछताछ कर रहे हैं। उसके पास से माचिस की तीली और एक पटाखा बरामद हुआ है।

 

 

बता दें, CM नीतीश अभी अपने जनसंवाद यात्रा पर हैं। मंगलवार को सिलाव के श्री गांधी प्लस टू उच्च विद्यालय के बगल में ठाकुरबाड़ी मैदान में पार्टी के नए-पुराने कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे। घटना उस वक्त हुई जब वह लोगों से आवेदन ले रहे थे।

 

 

घटना के बाद सुरक्षा घेरे में सीएम

 

 

घटना के बाद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। कहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा से लगातार खिलवाड़ हो रहा है। ऐसी घटनाएं प्रशासन पर प्रश्न-चिह्न लगाती है।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, ‘आरोपी युवक ने जैसे ही पटाखे को जलाया, उस पर सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ गई। युवक मुख्यमंत्री पर पटाखा फेंकना चाह रहा था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया और उसे पकड़ लिया। थोड़ी देर के लिए भगदड़ मची। इसके बाद मंच पर से लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की गई। मामला जब शांत हुआ तो आरोपी को पुलिस पीटते हुए अपने साथ लेकर चली गई।’

 

 

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने CM नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक को बड़ा खतरा बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री पर फिर हमला करने की प्रयास किया गया है, बार-बार नीतीश की सुरक्षा में चूक होना चिंताजनक है।

 

 

इससे पहले 27 मार्च को पटना के बख्तियारपुर में नीतीश कुमार को एक युवक ने मुक्का मार दिया था। तब वह एक प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर रहे थे। उसी वक्त एक लड़का आया और तेजी में ऊपर चढ़ा और नीतीश पर हमला कर दिया। हालांकि, तुरंत ही पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। CM ने उसे माफ कर दिया था। प्रशासन ने भी उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया था।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »