ट्रिपल मर्डर : पुलिस लाइन के आवास से तीन महिलाओं का शव बरामद
AJ डेस्क: झारखंड के जमशेदपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के सबसे सुरक्षित स्थान माने जाने वाले पुलिस लाइन में ट्रिपल मर्डर की वारदात हुई है। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। जमशेदपुर पुलिस लाइन क्वाटर से महिला पुलिस जवान, उसकी 13 वर्षीय बेटी और वृद्ध मां का शव मिला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर रही और मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस लाइन के एक स्टाफ क्वार्टर से महिला कांस्टेबल सविता रानी हेम्ब्रम, उनकी मां लाखिया हेम्ब्रम और बेटी गीता हेम्ब्रम का शव मिलने से पुलिस महकमे में भी खलबली मच गयी है। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
एसएसपी प्रभात कुमार इसे प्रथम दृष्टया हत्या मान रहे है। वैसे उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट जांच टीम पहुंच चुकी है, जो अपना काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 2 दिनों से कांस्टेबल घर से बाहर नहीं निकली थीं। घर बाहर से बंद था। इसलिए ऐसी संभावना जताई जा रही है, कि किसी ने तीनों की हत्या कर दी है। वैसे घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, लेकिन शरीर पर जिस तरह से चोट के निशान पाए गए हैं उससे हत्या से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की छानबीन चल रही है।

बता दें कि फिलहाल पुलिस इस घटना को लेकर किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है, वहीं मृतक महिला जवान की बहन ने बताया कि फोन नहीं लगने पर वो उनका हालचाल जानने पहुंची थी। तभी तीनों की मौत की जानकारी मिली।
