बाइक सवार दो बदमाशों ने 30 किमी तक फायरिंग की, एक की मौत, 8 घायल

AJ डेस्क: बिहार के बेगूसराय जिले में हाई-वे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने लगभग 30 किलोमीटर तक पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें तेघरा थाना क्षेत्र के अयोध्या चौक के पास गोली लगने से एक शख्स की सड़क पर ही मौत हो गई। वारदात में बछवाड़ा, फुलवरिया, बरौनी और चकिया इलाकों में 8 अन्य लोग घायल हो गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

 

गोलीबारी की घटना से आसपास के इलाकों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। जबकि बाइक सवार अपराधी हथियार लहराते फायरिंग करते हुए आगे बढ़ते रहे। लोग इन्हें साइको किलर बता रहे हैं। अपराधी फायरिंग करते हुए समस्तीपुर की ओर भाग गए।

 

 

मृतक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के रहनेवाले चंदन कुमार के तौर पर हुई है। वहीं घायलों में पटना के बाढ़ के रहने वाले विशाल सोलंकी, मोकामा के रहनेवाले रंजीत यादव, बेगूसराय के फुलवरिया निवासी नितेश कुमार, तेयाय के गौतम कुमार, बरौनी के अमरजीत कुमार, मंसूरचक के नीतीश कुमार, मरांची के रहनेवाले मोहन राजा के अलावा प्रशांत कुमार रजक और भरत यादव हैं।

 

 

बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। जगह-जगह वाहन चेकिंग लगाई गई है। एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है, जो साइको किलर प्रतीत हो रहे हैं।

 

 

बेगूसराय में फायरिंग गोली मारने के सीरियल वारदात पर पुलिस मुख्यालय भी अपनी नजर बनाए हुए है। ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि जिले की पुलिस टीम लगातार काम कर रही है। अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज की मदद ली जा रही है। रेंज के DIG भी मौके पर गए हुए हैं। SP और उनकी टीम लगातार कार्रवाई करने में जुटी हुई है।

 

 

दूसरी तरफ जैसे ही अपराधियों के पटना की तरफ भागने की सूचना मिली, वैसे ही पटना पुलिस को अलर्ट किया गया है। पटना के SSP मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया- हमलोगों को सूचना मिलते ही राजेंद्र सेतु पर चेकिंग लगा दी गई है। नालंदा और लखीसराय जलाने वाले रास्ते पर भी कड़ी नजर बनी हुई है। कई जगहों पर नाकेबंदी की गई है। हमें कुछ CCTV फुटेज मिले हैं, उस हिसाब से अपराधियों की खोज जारी है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »