बड़ा हादसा : हजारीबाग टाटी सिवाने नदी में गिरी बस, सात की मौत
AJ डेस्क: झारखंड के हजारीबाग में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक बस अनियंत्रित होकर 30 फीट नीचे नदीं में पलट गई। दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हॉस्पिटल लाने के क्रम में 2 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 12 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को सदर अस्पताल हजारीबाग में एडमिट कराया गया है। मृतक गिरिडीह के बताए जा रहे हैं। एक्सिडेंट इतना भयावह था कि शव बस में फंस गया था। शव को काफी मशक्कत के बाद गैस कटर से बस को काटकर निकाला गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटना के दौरान बस में 52 लोग सवार थे।
घटना के बाद घायल नगेंद्र सिंह ने बताया की बस में सभी सिख समुदाय के लोग हैं। सभी गिरिडीह से रांची धार्मिक कीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी समेत उनके परिवार के दो लोगों की मौत मौके पर हो गई है। घायलों को जब हजारीबाग मेंडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में लाया गया तब यहां प्रबंधन की लापरवाही सामने आई। न ही सुपरिटेंडेंट और न ही डिप्टी सुपरिटेंडेट अस्पताल पहुंचे। आनन-फानन में प्रशासन को गंभीर रूप से घायलों को निजी अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गिरिडीह से आ रही शिवशक्ति बस टाटी झरिया के सिवाने नदी पुल के पास अचानक असंतुलित हो गई। इसके बाद पुल से बैरिकेडिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। अभी तक एक्सिडेंट के कारण का पता नहीं चल पाया है। प्रथमदृष्ट्या ब्रेक फेल हो जाने की बात सामने आ रही है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद दारू व टाटीझरिया थाने की टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचते राहत कार्य शुरू हो गया है। दुर्घटना में जो ज्यादा घायल हैं उन्हें एंबुलेंस और सुरक्षित व्यक्ति को बस हजारीबाग व रांची भेजा जा रहा है।
