गोकशी के खिलाफ खरौंधी बाजार बंद, थाना का घेराव, सड़क जाम
AJ डेस्क: गढ़वा के खरौंधी थाना क्षेत्र स्थित चंदनी गांव में प्रतिबंधित पशु काटने के खिलाफ लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है। घटना शनिवार रात हुई थी। रविवार सुबह क्षेत्र में इसकी सूचना आग की तरह फैल गई। विभिन्न गांवों और संगठनों के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। साथ ही एक आरोपी मनव्वर अंसारी की प्रखंड मुख्यालय स्थित दुकान भी तोड़ दी और बाजार भी बंद रखा। इधर, पुलिस ने प्रतिबंधित पशु काटने के आरोप में अबतक सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

ग्रामीणों द्वारा थाना घेरने की सूचना पर श्रीबंशीधर नगर के एसडीपीओ प्रमोद कुमार केशरी, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, भवनाथपुर पुलिस इंस्पेक्टर चंदन सिंह खरौंधी पहुंचे औरबचे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इससे पहले डीएसपी के निर्देश पर पुलिस ने घटना में शामिल होने के आरोप में दो महिलाओं जुलेखा बीबी व मैजून खातून को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि मामले को लेकर खरौंधी के विहिप प्रखंड अध्यक्ष रामानंद मेहता ने 15 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है।
