साइबर क्राइम : हजारीबाग DSO का लॉगिन हैक कर फर्जी राशन कार्ड बनाया

AJ डेस्क: साइबर अपराधियों ने हजारीबाग डीएसओ का लॉगिन हैक कर सैकड़ों की संख्या में फर्जी राशन कार्ड जारी कर दिया है। साथ ही ग्रीन कार्ड को पीएचएच में कन्वर्ट कर दिया है। ग्रीन कार्ड उनका बनता है जो गरीब तो हैं, लेकिन कोटा नहीं होने के चलते इनका गुलाबी कार्ड नहीं बनता है। कोटा खाली होते ही ऐसे ग्रीन कार्ड को गुलाबी में बदल दिया जाता है। हैकर्स ने सैंकड़ो की संख्या में ऐसे ग्रीन कार्ड को बिना कोटा ही गुलाबी कार्ड में बदल दिया है। गुलाबी कार्ड पर परिवार के हर सदस्य को एक रुपये किलो की दर से पांच-पांच किलो सामग्री मिलती है। इस बात का खुलासा हजारीबाग के अलावा देवघर एवं गिरिडीह से भी हो चुका है।

 

 

हजारीबाग के जिला आपूर्ति पदाधिकारी अरविंद कुमार बताते हैं कि अन्य जिलों की खबर आने के बाद उनके कान खड़े हुए तब जाकर उन्होंने गहनता से छानबीन शुरू की, तब उन्हें समझ में आया कि उनके लॉगइन आईडी को हैक कर लिया गया है और इस तरह के कारनामे किए जा रहे है। पूरे मामले की जानकारी मुख्यालय को उनके द्वारा दे दी गई है। अब आगे जो निर्देश आएंगे उसका अनुपालन उनके द्वारा किया जाएगा।

 

 

हालांकि जिला आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा हजारीबाग के लोहसिंहना थाने में इससे संबंधित प्राथमिकी दर्ज करा दी गई हैं। साथ ही जिस कंप्यूटर ऑपरेटर को लॉगइन आईडी पासवर्ड दिए गए थे, उससे भी पूछताछ की जा रही है। थाने में मामले दर्ज होने के बाद आपूर्ति पदाधिकारी को आशा है कि पुलिस गहराई से इसकी जांच करेगी और दोषियों को पकड़ेगी। हालांकि हजारीबाग में राशन कार्ड बनाने पर फिलहाल के लिए रोक लगा दी गई है। जिससे आम लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »