हनुमान जी की प्रतिमा किया क्षतिग्रस्त, बवाल, पुलिस का लाठीचार्ज
AJ डेस्क: झारखंड के साहेबगंज में तनाव बढ़ रहा है। आज सुबह पटेल चौक और पुराना सदर अस्पताल के बीच बरगद पेड़ के नीचे स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। प्रतिमा खंडित होने के बाद सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे लोगों ने सड़क जाम कर दिया। कई निजी स्कूलों ने तनाव को देखते हुए स्कूल बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है।
प्रतिमा के सर पर वॉर किया गया है, कई जगहों से प्रतिमा को खंडित करने की कोशिश की गयी। मंदिर में लगे ध्वज को फेंक दिया गया। जैसे ही लोगों को इसकी सूचना मिली, मंदिर के पास भीड़ जमा होने लगी। विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों के साथ- साथ साधारण लोगों ने भी पहुंचकर प्रशासन से अज्ञात अपराधी को पकड़ने की मांग की है।

थाना प्रभारी धर्मपाल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे हैं और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। इस जगह पर विरोध कर रहे लोगों ने आंदोलन तेज कर दिया और सड़क जाम कर दिया है। बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के करण यादव के नेतृत्व में NH80 पर समर्थक बैठ गये हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है।
साहिबंगज में शनिवार रात हुई हिंसा के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पहले से है इसके बाद बजरंगबलि की प्रतिमा का खंडित होना आग में घी का काम कर रहा है। शनिवार रात को हुई हिंसा के बाद आरोपियों की पहचान कर ली गयी है। इस मामले में कुलीपाड़ा और दहला दोनों मोहल्ले के कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और इन्हें आरोपी बनाया गया है। विसर्जन जुलूस के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह गंगा पंप नहर के कनीय अभियंता संजीव कुमार साह के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
शनिवार को हुई हिंसा में आरोपियों की पहचान कर ली गयी है। जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरा का इस्तेमाल किया गया था जिससे आरोपियों की पहचान की गयी है। साथ ही कई मोबाइल फुजेट भी मौजूद हैं जो आरोपियों के आरोप को पूरी तरह साबित करते हैं। इस पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गयी है। बरहरवा एसडीपीओ प्रदीप उरांव उसके प्रमुख बनाए गये हैं।
