माता – पिता और बहन को कुल्हाड़ी से काट हत्यारा हुआ फरार
AJ डेस्क: आजमगढ़ में मां-बाप की फटकार से नाराज बेटे ने रविवार तड़के कुल्हाड़ी से काटकर मां-बाप और बहन की हत्या कर दी। वारदात कप्तानगंज के धनधारी गांव की है। शनिवार को राजन सिंह (20) एक बोरी गेहूं चोरी कर लिया था। इस मामले की जानकारी जब पिता भानु प्रताप सिंह (48) और मां सुनीता देवी (45) को हुई तो माता-पिता ने बेटे राजन सिंह को जमकर फटकार लाई। फटकार से नाराज बेटा उस समय तो परिजनों को कुछ नहीं बोला, लेकिन रविवार सुबह तीन बजे उठकर उसने अपने मां-बाप और बहन राशि (12) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।
आसपास के लोगों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। आईजी अखिलेश कुमार, एसपी अनुराग आर्य, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
हत्यारोपी राजन सिंह की बहन रानी सिंह आजमगढ़ में ही अपने बड़े पिता के यहां शादी की तैयारियों में गई थी। मां-बाप और बहन की हत्या की सूचना पर वह भी घर पहुंच गई। आरोपी राजन सिंह घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। एसपी अनुराग आर्य का कहना है कि फरार आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम जुटी हैं। घटना को लेकर गांव के लोगों से बात की गई तो तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में वारदात के खुलासे के लिए एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी दो सीओ सहित तीन टीमों का गठन किया गया है। बहुत जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
