चांदमारी गोलीकांड : खुलेआम फायरिंग करने वाला बुधन और रिंकू गिरफ्तार

AJ डेस्क: बीते छह जुलाई को धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र स्थित बास्तकोला कोयला लोडिंग पॉइंट पर वर्चस्व को लेकर आपस में भिड़े दो गुटों पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस भिड़ंत में बंदूक लहराते हुए अंधाधुंध फायरिंग करने वाले दो अपराधियों की पहचान कर धनबाद पुलिस ने उन्हें हथियार के साथ धरदबोचा है। साथ ही इस कांड में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

 

 

रविवार को डीएसपी (विधि व्यवस्था) अरविंद कुमार विन्हा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि बास्तकोला स्थित बीसीसीएल के लोडिंग पॉइन्ट पर मेनुअल लोडिंग को लेकर संयुक्त मोर्चा मजदूर संघ और जनता श्रमिक संघ के लोगों के बिच झड़प हुई थी। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी फायरिंग एवं पत्थरबाजी की घटना के वीडियो के आधार पर की गई है। इनके पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है।

 

 

उन्होंने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस द्वारा आरोपितों की खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान अखबारों एवं मीडिया में आए तस्वीरों एवं वीडियो के आधार पर दो लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। जिनकी पहचान बुधन मंडल और जावेद अख्तर उर्फ रिंकू खान के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि इन दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन दोनों ने किसके इशारे पर वहाँ गोलियां चलाई थी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »