शराब घोटाला : झारखंड के एक मंत्री,पूर्व विधायक सहित दर्जनों ठिकानों पर ED का रेड
AJ डेस्क: छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटाले की आंच झारखंड तक पहुंच गई है। आज सुबह से ही ईडी की टीम झारखंड के 32 अलग अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। मिल रही जानकारी के अनुसार ईडी की छापेमारी झारखंड के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, उनके बेटे रोहित उरांव, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह और शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित अलग अलग ठिकानों पर चल रही है।
32 ठिकानों पर ईडी की रेड-
ईडी की रेड शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के हरमू स्थित आवास पर चल रही है। इसके अलावा रांची, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा और कोलकाता में छापेमारी की जा रही है। झारखंड के कुल 32 ठिकानों पर ईडी की यह छापेमारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक शराब घोटाला मामले में शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के दुमका के तीन जगहों पर छापेमारी जारी है। यह छापेमारी दुमका के गिलानपाड़ा चौक स्थित व्यावसायिक कार्यालय, टाटा शोरूम चौक पर अवस्थित तनिष्क शोरूम, खिजुरिया में तिवारी ऑटोमोबाइल में चल रही है। इसके अतिरिक्त योगेंद्र तिवारी के सहयोगी पप्पू शर्मा और अनिल सिंह के घर पर भी छापेमारी की जा रही है।
धनबाद में इन जगहों पर चल रही ईडी की रेड-
कोलांचल धनबाद में ईडी तीन ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जिसमें बेकार बांध स्थित ग्रेवाल कॉलोनी के ग्रेवाल अपार्टमेंट में अभिषेक शर्मा, कौशिक राधिका अपार्टमेंट में संतोष मंडल और सरायढेला स्थित बैंक कॉलोनी निवासी विनय सिंह के घर और कार्यलय में ईडी की छापेमारी जारी है।
गिरिडीह में भी जारी है रेड-
शराब घोटाला मामले में भाजपा के पूर्व सदर विधायक निर्भय शाहाबादी के आवास पर भी छापेमारी कर रही है। उनके मकतपुर डॉक्टर लेन स्थित आवास में ईडी की छापेमारी चल रही है। यहां भी सुबह से ही छापेमारी जारी है। निर्भय शाहाबादी के घर पर दो इनोवा गाड़ी में ईडी के अधिकारियों की टीम आई और छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि इनके रिश्तेदार का संबंध शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के साथ है।
बाबानगरी में भी पहुंची है ईडी-
ईडी देवघर में भी छापेमारी कर रही है। यहां कांग्रेस के नेता और 20 सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय के आवास पर ईडी की कार्रवाई जारी है। इसके अतिरिक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित विनोदनंद झा के पोते और जमीन कारोबारी अभिषेक झा के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है। अभिषेक झा मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
