शराब के नशे में धुत सेना के रिटायर्ड जवान ने राजधानी एक्स में चलाई गोली

AJ डेस्क: नशे में धुत्त आर्मी के सिख रेजिमेंट के रिटायर जवान ने गुरुवार की रात सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में फायरिंग कर दी। आरोपी 41 वर्षीय रिटायर जवान हरपिंदर सिंह धनबाद स्टेशन से ट्रेन की बी-8 बोगी में सवार हुआ था। ट्रेन धनबाद से खुल कर मतारी स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान हरपिंदर की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चल गई। फायरिंग के बाद बी-8 और बी-7 बोगी में अफरातफरी मच गई।

 

 

ट्रेन पर सवार एस्कॉट पार्टी के जवानों ने हरपिंदर को हिरासत में लिया। वह पंजाब के गुरुदासपुर का रहने वाला है। धनबाद में किसी भगवती प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सिक्यूरिटी गार्ड का काम करता है। वह अपने घर जाने के लिए निकला था। वह 2019 में आर्मी से रिटायर हुआ है। एस्कॉट पार्टी ने फौरन मामले की जानकारी सिक्यूरिटी कंट्रोल को दी। विशेष आदेश पर राजधानी एक्सप्रेस को कोडरमा स्टेशन पर रुकवाया गया। आरोपी जवान को कोडरमा स्टेशन पर उतार कर आरपीएफ इंस्पेक्टर जवाहर लाल ने रेल पुलिस के हवाले कर दिया। उससे आरपीएफ और रेल पुलिस के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। बी-8 बोगी के शौचालय के पास से एक खोखा बरामद किया गया है।

 

 

 

 

 

 

आरपीएफ ने उसके पास से रिवाल्वर के अलावा नई दिल्ली का एक रिजर्वेशन टिकट बरामद किया है। उसका रिजर्वेशन हावड़ा राजधानी में था लेकिन नशे में होने के कारण वह हावड़ा राजधानी की बजाय 20 मिनट बाद धनबाद आने वाली सियालदह राजधनी एक्सप्रेस पर सवार हो गया था। सीट नहीं होने के कारण वह बी-8 बोगी के शौचालय के बगल में खड़ा था।

 

 

जवान को देर रात मेडिकल के लिए कोडरमा के अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल के बाद उसे ट्रेन से धनबाद लाया जाएगा। धनबाद के रेल थाना में ही उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दायर करने की तैयारी है।

 

 

अनुमान लगाया जा रहा है कि हरपिंदर लड़खड़ा कर गिर गया, जिसकी वजह से गोली चल गई। या फिर उसकी रिवाल्वर किसी तरह ट्रेन के फर्श पर गिरी, जिसके कारण फायरिंग हुई। पुलिस गोली चलने के असल कारणों का पता लगा रही है। हालांकि फायरिंग में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। आरपीएफ व रेल पुलिस उसके लाइसेंस की भी जांच करेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »